स्कूल खुलने से पहले बड़ा सुरक्षा अभियान! 15 स्कूल बसों की जांच, ड्राइवरों का हुआ हेल्थ चेकअप

0

नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने से पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जशपुर पुलिस, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान जिले में संचालित स्कूल बसों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और चालकों के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की गई, ताकि विद्यार्थियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बन सके।

अभियान के तहत जिले की 15 स्कूल बसों का गहन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, पंजीयन, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि बच्चों के परिवहन में उपयोग की जा रही बसें निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन कर रही हैं।

जशपुर पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में बस चालकों एवं परिचालकों का नेत्र परीक्षण, रक्तचाप (बीपी) और शुगर जांच भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि वाहन चालक का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

इस दौरान वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें सड़क पर अतिरिक्त सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की सलाह दी गई।

जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ा कोई भी समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। “सुरक्षित स्कूल बस, सुरक्षित बचपन” के उद्देश्य के साथ भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अभिभावकों और विद्यार्थियों को सुरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों