आधी रात डायल 112 बनी जीवनरक्षक! बिच्छू के डंक से पीड़ित 80 वर्षीय बुजुर्ग की बचाई जान

0

आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता किस तरह किसी की जान बचा सकती है, इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण बलौदाबाजार जिले के गिधौरी क्षेत्र में देखने को मिला। डायल 112 टीम की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते बिच्छू के डंक से गंभीर रूप से पीड़ित एक 80 वर्षीय बुजुर्ग को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई गई।

घटना के दौरान डायल 112 को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग व्यक्ति को बिच्छू ने काट लिया है और उनकी हालत लगातार बिगड़ रही है। सूचना मिलते ही डायल 112 वाहन में तैनात आरक्षक कमलेश बर्मन और चालक रूपेश साहू बिना समय गंवाए घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लिया और पाया कि भुनेश्वर सांडे (80 वर्ष) बिच्छू दंश के कारण गंभीर पीड़ा में थे। उनकी हालत को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें डायल 112 वाहन में बैठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरपाली के लिए रवाना किया।

अस्पताल पहुंचने पर पुलिस टीम ने बुजुर्ग को तुरंत भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और त्वरित उपचार मिलने के कारण उनकी हालत स्थिर हो गई और वे खतरे से बाहर हैं।

इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि डायल 112 केवल कानून-व्यवस्था से जुड़ी सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में आम नागरिकों के लिए जीवनरक्षक की भूमिका भी निभा रही है। गिधौरी पुलिस और डायल 112 टीम की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों