कार छोड़ फरार हुआ तस्कर, आबकारी विभाग ने पकड़ी 4.39 लाख रुपये की अवैध शराब

0
729518212_1034732312453534_7813951037000960449_n

इंदौर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग इंदौर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की अवैध मदिरा और एक चार पहिया वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि आबकारी टीम ने शराब से भरी कार को अपने कब्जे में लेकर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश तथा सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी एवं डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में वृत्त महू-बी के प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी पवन टीकेकर और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई को अंजाम दिया।

आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि पीथमपुर क्षेत्र के भैंसलाय मार्ग से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम भैंसलाय के पास घेराबंदी कर मारुति सुजुकी डिजायर कार (क्रमांक MP-09-CJ-9152) को रोकने का प्रयास किया। हालांकि वाहन चालक पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 12 गत्ते के कार्टून बरामद किए गए। प्रत्येक कार्टून में देशी प्लेन मदिरा की 50-50 बोतलें मिलीं। इस तरह कुल 180 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी।

आबकारी अधिकारियों ने शराब और वाहन को जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई जा रही थी तथा इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।

आबकारी विभाग के अनुसार जब्त शराब और वाहन का कुल अनुमानित बाजार मूल्य 4 लाख 39 हजार रुपये है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों