नारायणपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टेकला जंगल से हथियारों का जखीरा, टोयामेटा से ₹24 लाख नकद बरामद
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत पुलिस ने नक्सलियों के हथियारों के जखीरे के साथ उनकी आर्थिक व्यवस्था पर भी बड़ा प्रहार किया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार थाना ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान यह डंप मिला।
इसी अभियान के दूसरे चरण में थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के टोयामेटा जंगल-पहाड़ी से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई ₹24 लाख की नकद राशि भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार यह रकम नक्सली संगठन की गतिविधियों, लॉजिस्टिक सपोर्ट और कैडरों के संचालन में उपयोग की जाने वाली थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सलियों के हथियारों के साथ-साथ उनके आर्थिक संसाधनों पर भी प्रभावी चोट पहुंच रही है। हाल के महीनों में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहे हैं और उनकी गतिविधियों पर अंकुश लग रहा है।
नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नक्सल विरोधी अभियान पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे भी जारी रहेगा। जंगलों में सर्च ऑपरेशन, एरिया डोमिनेशन और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी, ताकि नक्सल संगठन की शेष गतिविधियों को भी समाप्त किया जा सके।
