अब कबीरधाम पुलिस की जांच होगी हाईटेक! 120 विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल, मौके से ही होगी डिजिटल विवेचना
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में अपराध अनुसंधान को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में कबीरधाम पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिले के 120 विवेचकों को अत्याधुनिक मोबाइल डेटा टर्मिनल (स्मार्ट मोबाइल फोन) वितरित किए गए, जिससे अपराधों की विवेचना पहले की तुलना में अधिक तेज, वैज्ञानिक और पारदर्शी हो सकेगी।

इस पहल के तहत अब विवेचक घटनास्थल से ही डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण कर सकेंगे। साथ ही ऑनलाइन रिकॉर्ड और आवश्यक दस्तावेजों तक तत्काल पहुंच प्राप्त होगी, जिससे जांच प्रक्रिया में अनावश्यक देरी कम होगी और मामलों का समयबद्ध निराकरण संभव हो सकेगा।
मोबाइल डेटा टर्मिनल के जरिए पुलिस अधिकारी विभिन्न पुलिस एप्लीकेशन का प्रभावी उपयोग कर मौके से ही आवश्यक जानकारी अपडेट कर सकेंगे। इससे विवेचना की गुणवत्ता बेहतर होगी, डिजिटल साक्ष्यों का प्रबंधन आसान बनेगा और नागरिकों को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं मिलेंगी।

यह सुविधा ASUMP Scheme AAP 2025-26 के तहत पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल डेटा टर्मिनल के माध्यम से प्रदान की गई है। इस योजना का उद्देश्य पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना और अपराध अनुसंधान को अधिक दक्ष बनाना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक प्रभावी पुलिसिंग की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि मोबाइल डेटा टर्मिनल मिलने से विवेचक घटनास्थल से ही त्वरित और गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर सकेंगे, जिससे अपराध अनुसंधान की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा तथा आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध होंगी।
