ओडिशा से यूपी जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई, सरिया पुलिस ने 41 किलो से ज्यादा गांजा किया जब्त

0

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 41.620 किलोग्राम अवैध गांजा, एक बलेनो कार और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4.10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद रंग की बलेनो कार के माध्यम से बड़ी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के कानपुर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सरिया थाना के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की गई। जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर डिक्की में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 40 पैकेटों में 41.620 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रितिक राय (26 वर्ष) निवासी जिला मऊ, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त बलेनो कार क्रमांक UP-90-R-3416 और एक ओप्पो स्मार्टफोन जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप किस नेटवर्क के माध्यम से ओडिशा से उत्तर प्रदेश भेजी जा रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उप निरीक्षक मोतीलाल डनसेना, थाना स्टाफ तथा सारंगढ़ साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों