रायगढ़ पुलिस की नई पहल: महिला पुलिसकर्मियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता पर खास वर्कशॉप, स्वास्थ्य और सम्मान पर दिया जोर

0
733448484_1452684763564794_7688854326976737820_n

रायगढ़। महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक कार्यस्थल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन उर्दना में जिला पुलिस रायगढ़ और “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management – MHM) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों के बीच मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी साझा करना, इस विषय से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करना तथा सुरक्षित और सम्मानजनक स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।

इस दौरान विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण-अनुकूल सैनिटरी अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी भी दी। महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षित निस्तारण के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया गया, ताकि स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और जागरूकता न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार लाती हैं। इस तरह की पहल महिला पुलिसकर्मियों के लिए अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और संवेदनशील कार्य वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “स्वस्थ महिला पुलिसकर्मी ही बेहतर पुलिस सेवा और सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला हैं।” उन्होंने बताया कि रायगढ़ पुलिस भविष्य में भी महिला कर्मियों के स्वास्थ्य, कल्याण और जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों