गरियाबंद पुलिस का बड़ा एक्शन! 40 लाख का गांजा जब्त, 4 अलग-अलग मामलों में 9 तस्कर गिरफ्तार

0
735018297_1448679150625409_4627360994854306788_n

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। जिले के देवभोग, इंदागांव और पायलीखंड (जुगाड़) थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 81.374 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40.68 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। देवभोग थाना क्षेत्र के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर दो संदिग्ध कारों की तलाशी लेने पर करीब 48.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और दोनों कारों को जब्त कर लिया गया।

इसी तरह इंदागांव थाना पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की, जहां दो आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं पायलीखंड (जुगाड़) थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा। उनके पास मौजूद बैगों की तलाशी में 22.740 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने दो कार, दो मोटरसाइकिल और 13 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। वाहनों और मोबाइल फोन सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गरियाबंद पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों