बस्तर पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा वार! बस का इंतजार कर रहा आरोपी गिरफ्तार, 8 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोधघाट थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.08 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.04 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बस के जरिए अवैध गांजा दूसरे स्थान पर ले जाकर बिक्री करने की तैयारी में था। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।
जब्त गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस ने कहा कि जिले में नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और अवैध तस्करी में शामिल नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
