सूरजपुर पुलिस का सबसे बड़ा नशा मुक्ति अभियान! 509 स्थानों पर 69 हजार से ज्यादा लोगों ने ली शपथ
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘नवजीवन अभियान’ के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान जिले के 509 स्थानों पर एक साथ आयोजित कार्यक्रमों में 69,218 से अधिक ग्रामीणों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, महिलाओं और आम नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अभियान का संचालन डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में किया गया। विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ और सुरक्षित जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रेना जमील ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
अभियान के तहत पुलिस ने लोगों से नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस या डायल-112 पर देने का आग्रह भी किया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिलेभर में जनसंवाद, रैली, पुलिस चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान थाना प्रतापपुर ने सबसे अधिक 59 स्थानों पर शपथ कार्यक्रम आयोजित कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं थाना झिलमिली दूसरे और थाना भटगांव तीसरे स्थान पर रहा। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने भी नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेकर इस अभियान को समर्थन दिया।




