रीवा में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान बना जनआंदोलन, 4 हजार छात्रों की मानव श्रृंखला और खेल प्रतियोगिताओं से दिया नशामुक्ति का संदेश

0
758554237_1002467112769497_4120389841127786849_n

मध्यप्रदेश पुलिस के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के तहत रीवा जिले में विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मानव श्रृंखला, खेल प्रतियोगिताओं और शपथ कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

रीवा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित बृहद कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज एवं पुलिस अधीक्षक रीवा की उपस्थिति में लगभग 4,000 स्कूली छात्रों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई।

इसी अभियान के अंतर्गत बैकुंठपुर थाना परिसर में आयोजित तीन दिवसीय एसडीओपी कप बैडमिंटन प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। सिरमौर विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संदीप मिश्रा एवं एसडीओपी सिरमौर रूपेंद्र धुर्वे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से खेल और शिक्षा को अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।

वहीं थाना गोविंदगढ़ क्षेत्र के नव जीवन स्कूल, पांती में भी नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई।

रीवा पुलिस का यह अभियान लगातार समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर युवाओं और नागरिकों को स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों