महामाया मंदिर से सोने के आभूषण चोरी करने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार, बलौदाबाजार पुलिस ने बरामद किए जेवर

0

बलौदाबाजार जिले में मंदिर से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। महामाया मंदिर से देवी प्रतिमा के सोने के आभूषण चोरी करने वाले शातिर आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के लाकेट एवं पत्ती सहित घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, महामाया मंदिर से देवी प्रतिमा के सोने के आभूषण चोरी होने की सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने ग्राम गबौद में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन कुमार यादव (22 वर्ष), पिता गुलालू यादव, निवासी ग्राम सिंधोरा, थाना पलारी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के 6 लाकेट/पत्ती तथा वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बलौदाबाजार पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों