जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा

0

रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द थाना क्षेत्र में 76 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। त्वरित जांच और साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई में हत्या में प्रयुक्त डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह मामला धर्मपुर साजापाली गांव का है, जहां 76 वर्षीय बंधन राम पंडो की हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रैरूमाखुर्द थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या के पीछे जमीन पर कब्जे और स्वामित्व को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद मुख्य कारण था। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने धर्मपुर निवासी 40 वर्षीय मकराम उर्फ मुदरी माझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए, जिन्हें मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों