साइबर अपराध पीड़ितों को मिलेगी त्वरित राहत, ग्वालियर SSP ने MRM और GRM पोर्टल के प्रभावी संचालन के दिए निर्देश
ग्वालियर। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस ने नई कार्ययोजना तैयार की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री धर्मवीर सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर साइबर अपराधों की जांच, फ्रीज बैंक खातों और ठगी की रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रत्येक थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में दर्ज साइबर अपराधों की केस डायरी, विवेचना की प्रगति, तकनीकी साक्ष्य और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हुए। इस दौरान लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी, बैंक खातों के विश्लेषण, संदिग्ध खातों को होल्ड या फ्रीज करने और पीड़ितों को जल्द से जल्द ठगी की राशि लौटाने की दिशा में तेज कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराधों की जांच में तकनीकी अनुसंधान को और मजबूत किया जाए तथा प्रत्येक मामले में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बैंक खातों को होल्ड या फ्रीज करने की प्रक्रिया को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए और कहा कि संबंधित व्यक्ति आवश्यक दस्तावेजों के साथ बैंक में आवेदन प्रस्तुत कर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें, ताकि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हो सके।

बैठक में साइबर क्राइम शाखा के अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को MRM (Money Restoration Module) और GRM (Grievance Redressal Mechanism) पोर्टल के संचालन एवं उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया। अधिकारियों को पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, आवश्यक जानकारी अपडेट करने और लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक के अंत में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित विवेचना, तकनीकी अनुसंधान, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ितों को तत्काल राहत देना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, निवेश धोखाधड़ी और सोशल मीडिया आधारित साइबर अपराधों के प्रति जनता को लगातार जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
