नकली मोबिल ऑयल का बड़ा खेल उजागर, टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल के नाम पर ₹4.30 लाख के नकली उत्पाद जब्त
बलौदाबाजार-भाटापारा। भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने नकली मोबिल ऑयल बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम अर्जुनी स्थित जय जगन्नाथ यूरिया पानी एवं ग्रीसिंग सेंटर से टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल ब्रांड के नाम पर तैयार किए गए 246 नग नकली सीलबंद मोबिल/ऑयल उत्पाद बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब ₹4 लाख 30 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त सेंटर पर नामी कंपनियों के ब्रांड और पैकिंग का इस्तेमाल कर नकली मोबिल ऑयल उत्पादों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए मौके पर जांच की और बड़ी मात्रा में संदिग्ध उत्पाद बरामद किए।
जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर वास्तविक उत्पादों जैसी पैकिंग और ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर नकली मोबिल एवं ऑयल उत्पाद तैयार कर उन्हें बेच रहा था। पुलिस के अनुसार, यह काम निजी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने टाटा मोटर्स एवं गल्फ ऑयल के नाम से तैयार 246 नग सीलबंद डिब्बे जब्त किए, जिनका अनुमानित मूल्य ₹4,30,500 है। मामले में आरोपी दिनेश रजक, पिता अशोक रजक, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम मुढीपार (रवान), थाना सिटी कोतवाली को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नकली उत्पादों की बिक्री से जहां ग्राहकों को आर्थिक नुकसान हो सकता है, वहीं वाहनों के इंजन और मशीनरी की सुरक्षा पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। पुलिस की इस कार्रवाई से नकली ऑयल उत्पादों के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा है।
