गुण्डरदेही पुलिस का बड़ा एक्शन! केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार और 10 लाख की संपत्ति जब्त
बालोद। जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक शातिर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम भरदाखुर्द, कुरदी और सुखरी में हुई तीन अलग-अलग केबल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार बाल न्यायालय भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 96.680 किलोग्राम चोरी की केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है, बरामद की है। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल पिकअप, मोटरसाइकिल और स्कूटी समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

टावर से केबल काटकर कर रहे थे चोरी
मामले की शुरुआत 13 अगस्त 2026 को हुई, जब प्रार्थी प्रीनेष कुमार साहू ने थाना गुण्डरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम भरदाखुर्द स्थित टावर से एयरटेल और आइडिया का नेटवर्क अचानक बंद हो गया है।
टावर की जांच के दौरान ग्राम गुरेदा के पास कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को टावर की केबल काटकर चोरी करते हुए देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया। पुलिस की सक्रियता को देखते हुए आरोपी स्कूटी और केबल वायर मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला गिरोह का राज
पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुण्डरदेही श्री राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण में थाना गुण्डरदेही और साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और पिकअप वाहन की पहचान कर ली। इसके बाद पूछताछ और लगातार पतासाजी करते हुए पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले क्षेत्र की रेकी करते थे और इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से केबल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने ग्राम भरदाखुर्द, कुरदी और सुखरी क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।
96.680 किलो केबल सहित 10 लाख की संपत्ति बरामद
गुण्डरदेही पुलिस ने कार्रवाई के दौरान—
- 96.680 किलोग्राम चोरी की केबल वायर — कीमत करीब ₹80,000
- पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PM 2170
- मोटरसाइकिल एक्सट्रीम क्रमांक CG 04 DB 3196
- स्कूटी क्रमांक CG 07 BF 4709
बरामद कर जब्त की है। वाहनों समेत जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹10 लाख बताई गई है।
7 आरोपी जेल भेजे गए, 4 बालक भी शामिल
पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को 15 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं वारदात में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार बाल न्यायालय भेजा गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों द्वारा पूर्व में भी केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
गुण्डरदेही पुलिस की सक्रियता से गिरोह का हुआ पर्दाफाश
केबल चोरी की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई शुरू की, उससे कुछ ही समय में संदिग्ध वाहन की पहचान कर पूरे गिरोह तक पहुंच बनाई गई। CCTV, तकनीकी जांच और मैदानी पुलिसिंग के बेहतर समन्वय से तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करना पुलिस की प्रभावी कार्यशैली को दर्शाता है।
पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल चोरी की गई केबल बरामद हुई, बल्कि वारदात में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी जब्त कर गिरोह की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है।
