बेमेतरा पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को समझाए डिजिटल अरेस्ट से लेकर OTP फ्रॉड तक के खतरे

0
777868091_1485892070230925_4447523066619354565_n

बेमेतरा। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच बेमेतरा पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने के लिए विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने थाना बेरला और पुलिस चौकी देवरबीजा क्षेत्र के स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल, मजबूत पासवर्ड, सोशल मीडिया प्राइवेसी और ऑनलाइन ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण तरीके बताए।

पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भुषण एक्का और एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

स्कूलों में छात्रों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी

अभियान के तहत पुलिस टीम ने ग्राम सरदा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला तथा शंकराचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, बीजा में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि ऑनलाइन खातों के लिए ऐसे मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें, जिनका अनुमान लगाना आसान न हो। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी तस्वीरें, मोबाइल नंबर, पता या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि किसी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अज्ञात स्रोतों से ऐप डाउनलोड करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि OTP, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और अन्य संवेदनशील बैंकिंग विवरण किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए।

डिजिटल अरेस्ट और फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी से किया सावधान

साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के कई नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इनमें डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, KYC अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और QR Code के जरिए ठगी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इसके अलावा विद्यार्थियों को OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी और निवेश के नाम पर साइबर अपराध से भी सावधान रहने की जानकारी दी गई।

पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को डराने, लालच देने या भरोसे में लेकर उनकी आर्थिक और निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। इसलिए किसी भी ऑनलाइन गतिविधि में जल्दबाजी करने के बजाय पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।

साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, तुरंत करें शिकायत

पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो उसे घबराने के बजाय तुरंत संबंधित बैंक और पुलिस को सूचना देनी चाहिए। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।

पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार, दोस्तों तथा आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

पुलिस अधिकारियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान सहायक उप निरीक्षक उदलराम टांडेकर, प्रधान आरक्षक अवधेश सिंह और महिला आरक्षक मालती साहू सहित थाना बेरला एवं चौकी देवरबीजा के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया।

बेमेतरा पुलिस का यह अभियान विद्यार्थियों को डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करने और साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों