देवास अंडरपास में भरे पानी के बीच स्कूल वैन निकालने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिया संज्ञान, सख्त कार्रवाई के निर्देश; पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया
देवास में अंडरपास में वर्षा का पानी भरा होने के बावजूद बैरिकेड हटाकर स्कूल वैन निकालने के मामले को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस को त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामले में पुलिस ने स्कूल वैन के चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने संबंधित वाहन को भी जब्त कर लिया है। वहीं, विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में स्कूल संचालक के विरुद्ध भी पृथक से प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रशासन और पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
