ग्वालियर में अवैध शराब के खिलाफ मुरार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1200 लीटर गुड़ लाहन मौके पर किया नष्ट
ग्वालियर: जिले में अवैध शराब के निर्माण और खरीद-फरोख्त के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुरार थाना पुलिस ने मोहनपुर के पास स्थित कंजर डेरा पर दबिश देकर अवैध कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 1200 लीटर गुड़ लाहन नष्ट किया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहनपुर के पास कंजर डेरा क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद CSP मुरार संदीप बांगरे और SDOP बेहट मनीष यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल और चौकी प्रभारी बड़ागांव उप निरीक्षक राहुल सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां नीले रंग के ड्रमों में गुड़ लाहन भरा हुआ मिला।
मौके पर ही नष्ट किया गया 1200 लीटर गुड़ लाहन
पुलिस टीम ने क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने वाले लोगों की तलाश की, लेकिन मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद ड्रमों में भरे करीब 1200 लीटर गुड़ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध कच्ची शराब के निर्माण पर रोक लगाना और ऐसे ठिकानों को नष्ट करना है, जहां से अवैध शराब तैयार कर उसकी बिक्री की जाती है।
अवैध शराब के कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने और उसकी खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मुरार पुलिस की इस कार्रवाई में थाना मुरार और चौकी बड़ागांव की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
