कांकेर में ‘मिशन रक्षक’ की शुरुआत, 257 युवाओं को पुलिस और पैरामिलिट्री भर्ती के लिए मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण

0
813624364_1408904111422089_338103562362449425_n

कांकेर। घोर नक्सल प्रभावित और सुदूर क्षेत्र के युवाओं को पुलिस एवं पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी का बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने ‘मिशन रक्षक’ प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की है। 17 सितंबर 2026 को कोयलीबेड़ा हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।

257 युवाओं ने प्रशिक्षण में लिया हिस्सा

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) और BSF 40वीं वाहिनी कोयलीबेड़ा के कमांडेंट श्री रणधीर सिंह गिल की उपस्थिति में हुआ। प्रशिक्षण के लिए कुल 358 अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए थे। उद्घाटन अवसर पर 155 पुरुष और 102 महिला सहित कुल 257 युवाओं ने प्रशिक्षण में भाग लिया।

दौड़ और शारीरिक दक्षता पर रहेगा फोकस

‘मिशन रक्षक’ के तहत कांकेर पुलिस और BSF के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को नियमित रूप से दौड़, सहनशक्ति और विभिन्न शारीरिक दक्षता इवेंट्स का अभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं में आवश्यक तकनीकों और शारीरिक दक्षता से जुड़ी बारीकियों की जानकारी भी दी जाएगी।

दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं को मिलेगा तैयारी का मंच

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भर्ती की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। पुलिस के अनुसार, प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता को रोजगार के अवसर में बदलने के लिए आवश्यक तैयारी का मंच मिलेगा।

कांकेर पुलिस ने ‘मिशन रक्षक’ के माध्यम से युवाओं को सही दिशा में तैयारी कराने और उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देने का संकल्प जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *