मोबाइल टावर बैटरी चोरी का बड़ा खुलासा: कोंडागांव पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह दबोचा, इंजीनियर निकला मास्टरमाइंड

0

कोंडागांव पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैटरियों की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में चोरी करने वाले आरोपियों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 13 लाख 22 हजार रुपये की बैटरियां बरामद की गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना उरंडाबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोगापाल में स्थित जियो मोबाइल टावर से 72 बैटरियां चोरी होने की रिपोर्ट टावर इंजीनियर रामकुमार राय द्वारा दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना उरंडाबेड़ा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन में अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पतासाजी के निर्देश दिए गए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन में थाना उरंडाबेड़ा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान साइबर सेल द्वारा टावर डेटा डंप एनालिसिस और पुराने मामलों के तकनीकी अध्ययन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि जियो कंपनी में कार्यरत तकनीशियन राघवेंद्र साहू (निवासी भखारा) घटना के समय क्षेत्र में मौजूद था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी कृष्णा साहू के साथ मिलकर भोगापाल सहित अन्य टावरों से बैटरियां चोरी कीं।

आरोपियों ने चोरी की गई बैटरियों को सामर मोहम्मद (कबाड़ी, रायपुर) के माध्यम से अबिद मलिक (रायगढ़/राजनांदगांव) को बेचा। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सामर मोहम्मद को रायपुर से गिरफ्तार किया, जबकि अबिद मलिक से जिला राजनांदगांव में पूछताछ की गई।

कोंडागांव पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल मोबाइल टावर चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, बल्कि यह भी सामने आया है कि तकनीकी जानकारी रखने वाले लोग ही चोरी की घटनाओं के मास्टरमाइंड बन रहे थे। पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है और अन्य संभावित संलिप्तों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों