बायपास रोड पर हादसों का खतरा बढ़ा! ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों का डायवर्जन कर लगाए सख्त सुरक्षा उपाय
बायपास रोड पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में ट्रैफिक विभाग ने शहर के सीआईडी चौक और ट्रांसपोर्ट नगर चौक से भारी वाहनों का डायवर्जन सुनिश्चित किया है। इस पहल का उद्देश्य भीड़भाड़ कम करना और संभावित हादसों को रोकना है।

जानकारी के अनुसार बायपास मार्ग पर स्थित शराब भट्टी के आसपास वाहनों की अत्यधिक आवाजाही और भीड़ के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ था। खासकर रात के समय कम दृश्यता की वजह से हादसों की संभावना और बढ़ जाती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सड़क किनारे सेफ्टी स्टॉपर लगाए गए हैं, जिन पर रात में स्पष्ट दिखने के लिए रेडियम स्ट्रिप चस्पा की गई है। इसके अलावा “धीरे चलें”, “ओवरटेक न करें” और “तेज गति से वाहन न चलाएं” जैसे चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को पहले से सचेत किया जा सके।

बायपास फ्लाईओवर के दोनों ओर भी रेडियम स्ट्रिप लगाई गई है, जिससे अंधेरे में वाहन चालकों को मार्ग स्पष्ट दिखाई दे। ट्रैफिक विभाग का मानना है कि इन उपायों से दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित बनेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बायपास मार्ग पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरटेक से बचें, अपनी लेन में वाहन चलाएं और शराब पीकर वाहन न चलाएं। नियमों का पालन कर ही अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
