गरियाबंद के जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद! हथियारों के साथ ₹46.31 लाख कैश जब्त
गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेगोबरा के समीप समपसती जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान कुल 46 लाख 31 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली संगठन द्वारा जंगल क्षेत्र में एक डंप तैयार कर हथियार और धनराशि छिपाई गई है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाया। दुर्गम पहाड़ी और घने जंगल क्षेत्र में घंटों की खोजबीन के बाद संदिग्ध स्थान से सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामग्री में हथियार, दैनिक उपयोग के सामान और बड़ी मात्रा में नकदी शामिल है। अधिकारियों का मानना है कि यह धनराशि नक्सली गतिविधियों को संचालित करने और स्थानीय स्तर पर नेटवर्क मजबूत करने के लिए रखी गई थी। जब्त सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि किसी अन्य छिपे हुए डंप या संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने कहा है कि नक्सलियों के आर्थिक और लॉजिस्टिक नेटवर्क को कमजोर करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
