बालोद में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 8009 चालकों पर कार्रवाई, लाखों का जुर्माना
बालोद जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया है। बीते ढाई माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले हजारों वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, जिससे जिले में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
इस अभियान के तहत कुल 8009 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई, जिनसे 34 लाख 81 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। खासतौर पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए 186 चालकों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन पर कुल 20 लाख 13 हजार 500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 275 लोगों पर भी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 40 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है, जिसमें पहली बार पकड़े जाने पर भारी जुर्माना और जेल की सजा का भी प्रावधान है।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नेशनल हाईवे पर खतरनाक तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में धारा 285 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं नो-पार्किंग में खड़े 145 वाहनों पर पहिया लॉक कर 45,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, हेलमेट का उपयोग करें और सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं। पुलिस का कहना है कि सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।







