‘हमर पुलिस हमर गांव’ अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस पहुंची स्कूल, छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

0

बेमेतरा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में “हमर पुलिस हमर बजार” और “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल बेमेतरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को अपराधों से बचाव, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और अपना ओटीपी, बैंक डिटेल्स या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए गए। उन्हें कठिन परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा करने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अपराधों से बचने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर अपराध या धोखाधड़ी की घटना होती है, तो उसे बिना देरी किए पुलिस को सूचना देनी चाहिए ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बेमेतरा पुलिस का यह अभियान केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक और सुरक्षित बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्कूलों में आयोजित ऐसे कार्यक्रम बच्चों और युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के साथ-साथ डिजिटल दुनिया के खतरों से बचने की जानकारी भी प्रदान कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद तथा विश्वास बढ़ाने के लिए “हमर पुलिस हमर गांव” और “हमर पुलिस हमर बजार” जैसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों