निर्माणाधीन भारतमाला रोड पर अब एंट्री पूरी तरह बंद! जांजगीर-चांपा पुलिस के फैसले के बाद वाहन चालकों के लिए जारी हुई बड़ी चेतावनी
जांजगीर-चांपा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय निर्माण कार्य को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा कराने के साथ-साथ संभावित हादसों को रोकने के लिए लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस लगातार इस मुद्दे पर प्रयासरत थी। पुलिस ने पहले ही भारतमाला परियोजना के अधिकारियों को पत्र भेजकर निर्माणाधीन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने की आवश्यकता जताई थी।
पुलिस के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहे निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई थी। इसे देखते हुए परियोजना निदेशक द्वारा उरगा–बलौदा–पंतोरा–बिलासपुर कॉरिडोर के निर्माणाधीन हिस्से को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्माणाधीन मार्ग पर फिलहाल एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी निगरानी जैसी आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में इस मार्ग का उपयोग करना वाहन चालकों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक भारतमाला मार्ग का उपयोग न करें और केवल निर्धारित वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों से ही यात्रा करें। अधिकारियों का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर ही स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
