छत्तीसगढ़ में होगा इस वर्ष का अखिल भारतीय डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे अध्यक्षता
रायपुर। इस वर्ष का अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक सम्मेलन (DGP/IGP Conference) छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय यह महत्वपूर्ण आयोजन आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित है, जिसकी अध्यक्षता स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्य मंत्री, सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के डीजीपी, और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख भी उपस्थित रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार, यह सम्मेलन नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) परिसर में संभावित है। प्रधानमंत्री के ठहरने की व्यवस्था रायपुर स्थित राजभवन में किए जाने की संभावना है, जबकि अन्य प्रतिनिधियों को नवा रायपुर के मेफेयर रिसॉर्ट में ठहराया जा सकता है। आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं।
ज्ञात हो कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर यह वार्षिक सम्मेलन देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किया जा रहा है। अब तक यह सम्मेलन गुवाहाटी, कच्छ, हैदराबाद, टेकनपुर, केवड़िया, पुणे, लखनऊ, नई दिल्ली, जयपुर और हाल ही में वर्ष 2024 में भुवनेश्वर में आयोजित किया जा चुका है।
छत्तीसगढ़ में सम्मेलन का आयोजन कई मायनों में विशेष माना जा रहा है। एक ओर जहां यह राज्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गिना जाता है, वहीं केंद्र सरकार ने मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इस दिशा में निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा, आंतरिक व्यवस्था और आतंकवाद जैसी प्राथमिक चुनौतियों पर केंद्रित यह सम्मेलन रणनीतिक रूप से भी अहम होगा।
राज्य प्रशासन एवं पुलिस विभाग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुट चुका है। उम्मीद की जा रही है कि यह सम्मेलन राष्ट्रीय सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था के संदर्भ में कई महत्वपूर्ण निर्णयों का आधार बनेगा।
