जांजगीर-चांपा में पुलिस की छापेमारी: 39 लीटर अवैध शराब जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 05 अगस्त – जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना मुलमुला पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 3 व्यक्तियों को अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से कुल 39 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की जानकारी इस प्रकार है:
- जग्गू गोड़ (34 वर्ष), निवासी – साबरिया डेरा, खुटीघाट थाना मुलमुला, जिसके कब्जे से 14 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली।
- दीपक कुमार मेहर (25 वर्ष), निवासी – पकरिया, जिसके पास से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
- वीरेंद्र लहरे (30 वर्ष), निवासी – नरियरा, जिसके कब्जे से 13 लीटर कच्ची महुआ शराब पाई गई।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के दिशा-निर्देश पर अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रदीप कुमार शोरी के मार्गदर्शन में थाना मुलमुला की टीम ने यह रेड अभियान चलाया।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरणों में मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, हेमलाल महिलांगे, प्रधान आरक्षक रितेश यादव एवं थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस की लगातार मुहिम जारी है, जिससे स्थानीय शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
