रायपुर से गिरफ्तार युवक सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो कर रहा था अपलोड
रायपुर, 5 अगस्त 2025: जशपुर साइबर सेल और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो महिलाओं और बच्चों के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड कर रहा था। आरोपी की पहचान हेमंत वर्मा के रूप में हुई है, जो रायपुर के कचना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी है। यह क्षेत्र थाना खम्हारडीह के अंतर्गत आता है।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की और आरोपी की डिजिटल गतिविधियों को ट्रेस करते हुए रायपुर में दबिश दी।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल जब्त किया गया, जिसमें कई अश्लील वीडियो मौजूद थे। पूछताछ में हेमंत वर्मा ने अश्लील कंटेंट को खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार के आपत्तिजनक कंटेंट से दूर रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
