रायपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 250 गुम मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को सौंपे

0
b786a2ef-8cbc-408a-be84-b5e97dd68620-1.jpg

रायपुर, 5 अगस्त 2025 – रायपुर पुलिस ने नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी सुनिश्चित करते हुए एक बड़ी पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना स्तर की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर कुल 250 गुम मोबाइल फोन विभिन्न राज्यों से बरामद किए। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है, जिन्हें आज उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई के तहत गुम मोबाइल की जानकारी पर तकनीकी विश्लेषण किया गया। टीम ने मोबाइल वर्तमान में चला रहे उपयोगकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें सायबर सेल रायपुर में जमा कराने की अपील की। कई मामलों में मोबाइल धारकों ने फोन बंद कर दिया, जिसके बाद अन्य राज्यों की पुलिस की मदद से उनकी पहचान की गई और फोन को जब्त कर थाने में जमा कराया गया।

इसके अलावा, कई मोबाइल कोरियर के माध्यम से मंगवाए गए, जबकि कुछ जागरूक लोगों ने खुद ही अपने पास मिले गुम मोबाइल सायबर सेल को भेजे।

इस अभियान के तहत उत्तर प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार सहित कई राज्यों से फोन बरामद किए गए। वर्ष 2025 में अब तक रायपुर पुलिस कुल 550 मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 1.10 करोड़ रुपये है, उनके असली मालिकों को लौटा चुकी है।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर उनका मोबाइल फोन गुम हो जाता है तो तुरंत www.ceir.gov.in पोर्टल पर इसकी सूचना दर्ज करें और नजदीकी थाना या सायबर सेल से संपर्क करें। इससे न केवल मोबाइल की बरामदगी आसान होगी बल्कि उसका अपराध में इस्तेमाल होने से भी रोका जा सकेगा।

पुलिस ने सुझाव दिया है कि मोबाइल फोन को पासवर्ड प्रोटेक्टेड रखें और किसी लावारिस या संदिग्ध स्थिति में मिले फोन को तुरंत सायबर सेल, सिविल लाइंस, रायपुर में जमा करें। ऐसे ईमानदार नागरिकों को रायपुर पुलिस द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों