बीजापुर मुठभेड़: डीआरजी के दो जवान घायल
बीजापुर (छत्तीसगढ़), 12 अगस्त — छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार को नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के दो जवान घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ उस समय हुई जब सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी विशेष अभियान के तहत पश्चिमी सीमा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी की, जिसके जवाब में बलों ने भी कार्रवाई की।
अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के घायल होने की भी संभावना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी है और अतिरिक्त दल को भी भेजा गया है ताकि नक्सलियों के संभावित ठिकानों की तलाशी ली जा सके।
