बालोद में एएसआई की आत्महत्या: पुलिस बैरक में लटका मिला शव, विभाग में हड़कंप
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां पुलिस बैरक में पदस्थ एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 48 वर्षीय हीरामन मंडावी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह एएसआई हीरामन मंडावी अपने बैरक में मृत अवस्था में पाए गए। पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। जांच अधिकारी सीएसपी चित्रा वर्मा ने बताया कि सुबह लगभग 7:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक कार्रवाई शुरू की गई।
प्रदेश में बढ़ रही सुरक्षाकर्मियों की आत्महत्या की घटनाएं
पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ में पुलिस और अर्धसैनिक बलों में आत्महत्या के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साढ़े छह सालों में करीब 177 सुरक्षाकर्मियों ने आत्महत्या की है। इनमें मुख्य कारण पारिवारिक कलह, व्यक्तिगत तनाव, नशे की लत और बीमारियां सामने आए हैं। हाल ही में 6 अगस्त को दुर्ग में एक पुलिसकर्मी ने अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर जान दे दी थी, वहीं 3 अगस्त को कोंडागांव जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक अधिकारी ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी।
