दुर्ग पुलिस ने बच्चा अपहरण कांड का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने बच्चा अपहरण कांड का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। करीब एक महीने पहले 9 माह के मासूम का अपहरण कर उसे सात लाख रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस की सक्रियता से बच्चा सकुशल बरामद कर लिया गया और उसकी मां को सौंप दिया गया। आरोपियों की योजना थी कि मासूम को भविष्य में भीख मंगवाने जैसे अवैध कामों में इस्तेमाल किया जाए।
मामला 20 जून से जुड़ा है, जब महिला के रिश्तेदार उसे और उसके बच्चे को कोंडागांव ले गए और वहां से पटना के जगनपुरा स्थित किराए के मकान तक पहुंचे। 8 जुलाई को जब महिला को वापस छत्तीसगढ़ लाने का बहाना बनाया गया तो यात्रा के दौरान आरोपियों ने खाने का सामान दिलाने के बहाने बच्चे को उसकी मां से अलग कर दिया और मौके से फरार हो गए। घबराई महिला किसी तरह दुर्ग लौटी और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी शुरू की। कोंडागांव से एक महिला आरोपी को पहले ही पकड़ लिया गया था, जबकि बाकी चार आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि बच्चे को सात लाख रुपये में बेचा गया था, जिसमें से रकम आपस में बांटी गई। पुलिस ने बच्चा सुरक्षित वापस ला लिया है और फिलहाल सभी आरोपी हिरासत में हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
