जगदलपुर: 48 घंटे में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार और चोरी की संपत्ति बरामद
जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामगिरी में एक महिला के घर में चोरी की घटना को पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया। महिला लक्ष्मी ताती ने बताया कि 13 अगस्त को दोपहर में वह अपने खेत में काम करने गई थीं और घर का दरवाजा बंद कर कुंडी लगा गई थी। शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था और कमरे में रखी पेटी में रखा सोने का गहना तथा नकदी गायब थी। चोरी के दौरान पेटी में रखा 2 सोने के झुमके (30,000 रुपये), 1 सोने का हार (15,000 रुपये), पर्स में 1,000 रुपये नकदी और अन्य छोटे-मोटे पैसे चोरी हो गए थे।
पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद तुरंत जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन ने बताया कि आरोपी की पहचान करते हुए अशोक कुमार भास्कर (18 वर्ष, निवासी श्यामगिरी कोटवारपारा) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई सभी चीज़ें बरामद कर ली हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 305(क), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी फुटेज ने चोरी का मामला जल्द सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
