बालोद पुलिस की बड़ी कामयाबी: पीएम किसान एप के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपी बिहार से गिरफ्तार

0
daundilohara

बालोद। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग और पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में जिले की पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। रिटायर्ड बीएसपी कर्मचारी से 12 लाख 13 हजार 860 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार किया गया।

पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर PM KISAN APK फाइल भेजी गई, जिसे डाउनलोड करने के बाद उसका मोबाइल हैक कर लिया गया। आरोपियों ने पीड़ित के नंबर का ई-सिम बनाकर उस पर आने वाले ओटीपी का उपयोग करते हुए फोनपे और अन्य यूपीआई एप्स के जरिए रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना डौंडीलोहारा और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई। तकनीकी जांच में संदेहियों की पहचान होने पर टीम को बिहार रवाना किया गया। स्थानीय पुलिस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. नीतीश कुमार दास (22 वर्ष), ग्राम झुण्डों, थाना खैरा, जिला जमुई (बिहार)
  2. अरविंद कुमार दास (18 वर्ष), ग्राम बटपाल, थाना चकई, जिला जमुई (बिहार)
  3. राकेश कुमार दास (21 वर्ष), ग्राम झुण्डों, थाना खैरा, जिला जमुई (बिहार)

जब्त सामग्री

  • टॉप मॉडल वेन्यू कार (BR 46 R 9986)
  • जियो पेमेंट बैंक, जूडियो कार्ड, ओम्नी कार्ड और PNB एटीएम कार्ड सहित कई डिजिटल बैंक खाते
  • मोटोरोला मोबाइल फोन, लैपटॉप, पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज
  • कुल जब्ती की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करते थे, ई-सिम बनाकर ओटीपी हासिल करते और फिर रकम को विभिन्न खातों और लेयर में ट्रांसफर कर निकालते थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना डौंडीलोहारा और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों