गणेश विसर्जन हेतु बिलासपुर पुलिस की गाइडलाइन, शांति और सुरक्षित माहौल में पर्व मनाने की अपील
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजनेश सिंह (आईपीएस) ने गणेश उत्सव के दौरान होने वाले विसर्जन जुलूस को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। साथ ही प्रतिबंधित ध्वनि विस्तारक यंत्रों (साउंड सिस्टम) का उपयोग जुलूस में नहीं किया जाएगा। गणेश उत्सव समितियों को स्वयंसेवकों की नियुक्ति, पंडालों में स्वच्छता व सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसएसपी ने कहा कि आपसी सहयोग और जिम्मेदारी से ही त्योहार को शांतिपूर्ण व गरिमामय ढंग से मनाया जा सकता है। बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सभी लोग मिलकर गणेश विसर्जन को शांति, सम्मान और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराएं। 🚔✨
