दुर्ग में लागू हुआ नियम: हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं

0
@ 3SEPT DURG

दुर्ग। जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर कड़ा कदम उठाते हुए पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में एडीएम अभिषेक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि अब जिले में बिना हेलमेट पहने दोपहिया चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा।

बैठक में बताया गया कि हेलमेट सड़क दुर्घटनाओं से जान बचाने का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। एडीएम ने पंप संचालकों से अपील की कि वे इस दिशा-निर्देश का सख्ती से पालन करें और बिना हेलमेट आए ग्राहकों को पेट्रोल न दें।

एएसपी शहर सुखनंदन राठौर ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और पेट्रोल पंप संचालकों का सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे सुरक्षित वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।

जिला खाद्य अधिकारी अनुराग भदौरिया ने पंप संचालकों से नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में संचालकों ने भी प्रशासन से समन्वय बनाकर नियम लागू करने पर सहमति जताई। साथ ही, किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराए गए।

इस निर्णय के साथ अब दुर्ग जिले में “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान लागू होगा, जिसका उद्देश्य सड़क हादसों को कम करना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों