गरियाबंद पुलिस के प्रयासों से तीन लाख के इनामी नक्सली संगठन छोड़ आत्मसमर्पण
नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) के डीजीएन डिवीजन के तीन सक्रिय माओवादी कैडर — नागेश उर्फ रामा कवासी, जैनी उर्फ देवे मडकम और मनीला उर्फ सुंदरी कवासी — ने हथियारों सहित आत्मसमर्पण कर दिया है। तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण समारोह में गरियाबंद पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में E-30, STF, COBRA 207 और CRPF की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🔹 आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का विवरण:
1️⃣ नागेश उर्फ रामा कवासी (₹1 लाख इनामी)
ग्राम तर्रेम, जिला बीजापुर निवासी नागेश वर्ष 2022 में पामेड एरिया कमेटी के जरिए संगठन से जुड़ा था। उसने छह माह का प्रशिक्षण प्राप्त कर कई मुठभेड़ों में भाग लिया। हाल ही में हुई मेटाल मुठभेड़ (11 सितंबर 2025), जिसमें दस नक्सली मारे गए थे, उसमें भी शामिल रहा था।
2️⃣ जैनी उर्फ देवे मडकम (₹1 लाख इनामी)
ग्राम इतगुडेम, जिला बीजापुर की रहने वाली जैनी वर्ष 2016 में जनमिलिशिया से जुड़ी और बाद में पामेड एरिया कमेटी में भर्ती हुई। वह लंबे समय तक ओडिशा स्टेट कमेटी सदस्य प्रमोद उर्फ पाण्डु की गार्ड रही। उसने कई बड़ी मुठभेड़ों में भाग लिया, जिनमें सुराडीह, नुलुगुम्पा और मोतीपानी जैसी घटनाएँ शामिल हैं।
3️⃣ मनीला उर्फ सुंदरी कवासी (₹1 लाख इनामी)
ग्राम जैगूर, जिला बीजापुर निवासी मनीला सीनापाली एरिया कमेटी में सक्रिय थी। वर्ष 2020 में नक्सल संगठन में शामिल हुई और बाद में सीसी चलपति उर्फ जयराम की गार्ड के रूप में कार्यरत रही। उसने भी कई बड़ी मुठभेड़ों में हिस्सा लिया, जिनमें काण्डसर और मेटाल मुठभेड़ प्रमुख हैं।

🔹 आत्मसमर्पण के पीछे कारण
तीनों नक्सलियों ने बताया कि माओवादी संगठन अब पूरी तरह खोखला और स्वार्थी बन चुका है। वरिष्ठ माओवादी निर्दोष ग्रामीणों की हत्या, अवैध वसूली और युवाओं को जबरन संगठन में शामिल करने जैसे कार्यों में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि गरियाबंद पुलिस की समर्पण नीति, पुनर्वास योजनाएं, आवास व स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार के अवसर और आत्मसमर्पित साथियों का खुशहाल जीवन देखकर उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ने का निर्णय लिया।
🔹 पुलिस की अपील
गरियाबंद पुलिस ने जिले में सक्रिय माओवादियों से अपील की है कि वे हिंसा का मार्ग त्याग कर मुख्यधारा में लौटें। इच्छुक नक्सली किसी भी थाना, चौकी या कैंप में आत्मसमर्पण कर सकते हैं।
आत्मसमर्पण संबंधित जानकारी हेतु संपर्क करें —
📞 नक्सल सेल गरियाबंद: 94792-27805
