गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जंगल में छिपाए विस्फोटक बरामद

0

गरियाबंद। थाना शोभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रक्षकपथपारा के जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री को पुलिस ने बरामद किया है। यह क्षेत्र जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दक्षिण दिशा में स्थित है।

जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन ग्रुप (E-30), जिला पुलिस गरियाबंद और यंग प्लाटून 65 बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान यह बरामदगी की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन के सदस्य पुलिस पार्टी और ग्रामीणों को नुकसान पहुंचाने तथा इलाके में आतंक फैलाने की नीयत से विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे हुए हैं।

इस पर जिला मुख्यालय से ऑपरेशन टीम E-30, बीडीएस टीम और सीआरपीएफ की यंग प्लाटून 65 बटालियन ने 11 अक्टूबर 2025 को संयुक्त अभियान शुरू किया। ग्राम कोसंबुडा, रक्षकपथपारा और भालूपानी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बीडीएस टीम को पत्थरों के नीचे एक पेड़ के पास संदिग्ध डंप क्षेत्र मिला। सावधानीपूर्वक खुदाई करने पर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, एक कुकर बम, इलेक्ट्रिक स्विच, विभिन्न प्रकार की गोलियां, इंजेक्शन, दवाइयाँ और प्राथमिक उपचार सामग्री बरामद की गई।

गरियाबंद पुलिस ने इसे नक्सलियों की विनाशकारी साजिश को नाकाम करने में बड़ी सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अब लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा ताकि माओवादियों के किसी भी दुष्प्रयास को पहले ही विफल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों