गरियाबंद पुलिस लाइन में “संवाद” कार्यक्रम से पुलिसकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य का संबल

0

गरियाबंद। पुलिस अधीक्षक निकिल राखेचा के मार्गदर्शन में 07 अक्टूबर 2025 को पुलिस लाइन गरियाबंद में “संवाद (Samvad)” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल उन पुलिसकर्मियों के लिए शुरू की गई है जो लगातार दिन-रात ड्यूटी के दबाव में रहते हैं और पारिवारिक कारणों से मानसिक तनाव का सामना करते हैं।

इस कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ टीम और पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों की काउंसलिंग की गई। उन्हें तनाव से निपटने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने बताया कि तनाव की वजह से कई पुलिसकर्मी शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं, जिनका असर उनके निजी जीवन और ड्यूटी दोनों पर पड़ता है।

“संवाद” कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे मामलों की पहचान समय रहते करना और पुलिस बल में बेहतर मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में ग्रुप सेशन्स और टीम बिल्डिंग एक्टिविटीज के ज़रिए पुलिस कर्मियों में आपसी समन्वय और सकारात्मक माहौल बनाने पर ज़ोर दिया गया।

इस पहल में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ पुलिस परिवारों की भी सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में जिला अस्पताल के मनोवैज्ञानिकों और स्वास्थ्य टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसपी निकिल राखेचा ने कहा कि इस पहल से न केवल पुलिसकर्मियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि कार्यस्थल पर भी अधिक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों