गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद पुलिस द्वारा जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब बेचने वालों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री एवं सेवन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत मुखबिरों और गश्त व्यवस्था को भी सक्रिय किया गया है।
गरियाबंद प्रभारी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नागबुड़ा निवासी एक व्यक्ति अपने घर के पीछे बड़ी नागबुड़ा में अवैध बिक्री के लिए कच्ची महुआ शराब रखे हुए है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

आरोपी के घर और आंगन की तलाशी लेने पर पुलिस ने सफेद जारकन में रखी लगभग 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1000/- बताई गई है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार करते हुए शराब जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंचराम नेताम पिता धर्मुराम नेताम, उम्र 21 वर्ष, साकिन नागबुड़ा, थाना एवं जिला गरियाबंद (छ.ग.) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
