सुरक्षित सफर अभियान: शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सूरजपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई
सूरजपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिलेभर में पिछले दो महीनों (अगस्त और सितंबर 2025) के दौरान 520 ड्राइवरों को ड्रंक एंड ड्राइव करते हुए पकड़ा गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर (डीआईजी एवं एसएसपी) के निर्देशन में जिले के सभी थाना-चौकी और ट्रैफिक टीमों ने करीब 15 हजार वाहनों की जांच की। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर की मदद से जांच कर 520 नशे में धुत चालकों को गिरफ्तार किया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहाँ ₹55 लाख का चालान किया गया।

पुलिस ने इन सभी ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की रिपोर्ट आरटीओ को भेज दी है। इसके साथ ही ट्रैफिक इंचार्ज श्री बृजकिशोर पांडे ने बिना परमिट चल रहे एक बस पर धारा 66/192 के तहत इस्तगासा न्यायालय में कार्यवाही की है।
सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें — शराब पीकर वाहन न चलाएं, मोबाइल का उपयोग ड्राइविंग के दौरान न करें, नाबालिग बच्चों को वाहन न दें, दोपहिया पर तीन सवारी न बैठाएं, बिना हेलमेट वाहन न चलाएं और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं।
पुलिस का कहना है — “दुर्घटना से देर भली, जीवन अनमोल है।”
सूरजपुर पुलिस द्वारा यह जागरूकता और सख्ती आगे भी जारी रहेगी ताकि सड़कों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सके।
