24 घंटे में हत्या का पर्दाफाश – नरहरपुर पुलिस ने आरोपी कटीज़ कुलदीप को किया गिरफ्तार
जिले के नरहरपुर थाना अंतर्गत ग्राम किलेपार में हुए हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी हल्बा और थाना नरहरपुर पुलिस ने केवल 24 घंटे के भीतर इस “ब्लाइंड मर्डर” की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी कटीज़ कुलदीप (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला उस समय सामने आया जब ग्राम किलेपार निवासी संतराम देशमुख पिता बरातू देशमुख (उम्र 54 वर्ष) की हत्या की सूचना पर थाना नरहरपुर प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल एवं चौकी हल्बा प्रभारी निरीक्षक कोमल भूपेन्द्र पटेल तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 136/2025, धारा 103(1) भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री आई.के. एलेसेला (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी (कांकेर/डीआरजी) श्री अभिनाश ठाकुर के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ और मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर जांच तेज की। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम किलेपार निवासी कटीज़ कुलदीप पिता प्रमोद कुलदीप (उम्र 19 वर्ष) घटना के समय आसपास देखा गया था।
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
उसने बताया कि 08 नवम्बर को दोपहर लगभग 3 बजे वह मृतक के घर के पिछवाड़े मौजूद था। किसी विवाद के दौरान मृतक द्वारा अपमानित किए जाने पर वह गुस्से में आ गया और पहले मुक्कों से वार किया, जिससे मृतक गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने ईंट/पत्थर से सिर पर प्रहार किया और फिर अपने घर से चाकू लाकर गले, छाती और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने चाकू को घर के कुएं में फेंक दिया और खून से सने कपड़े छिपा दिए। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून लगे कपड़े बरामद कर जब्त किए।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
