कबीरधाम में बड़ी कार्रवाई! पुलिस–खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने पकड़ा 212 क्विंटल अवैध धान, यूपी का ट्रक जब्त
कबीरधाम जिले में अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल व श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। इसी क्रम में 11 नवंबर 2025 को थाना चिल्फी क्षेत्र के पुलिस चेकपोस्ट पर वाहनों की नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया।
जांच में पाया गया कि वाहन क्रमांक UP-90-T-7437 में भारी मात्रा में धान भरा हुआ था। वाहन चालक राजा भैया, पिता विजय बहादुर अहिरवार (निवासी – हिरापुर, थाना ब्रजपुर, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश) से जब पूछताछ की गई तो वह स्पष्ट एवं संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। उसके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज भी संदिग्ध पाए गए। ट्रक में लगभग 212.250 क्विंटल धान लदा हुआ था, जिसे चालक ने बहराइच (उत्तर प्रदेश) के बघारमऊ मंडी से लोड किया जाना बताया, जबकि वाहन राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) से आने की जानकारी सामने आई।

अवैध परिवहन की आशंका पर पुलिस टीम ने तुरंत खाद्य विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही खाद्य निरीक्षक श्री अमित कुमार द्विवेदी, श्री विरेंद्र पोटे और श्री हिमांशु केशरवानी मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम ने स्थल पर ही पचंनामा तैयार कर धान और वाहन की जब्ती की कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में चिल्फी थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा, आरक्षक क्रमांक 553 पंकज यादव, 472 सुनील मेरावी, 552 संतोष साहू, 809 मोह. इरफान, 766 आशु तिवारी सहित पूरी खाद्य विभाग टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में दूसरे राज्यों से आ रहे अवैध धान परिवहन पर सख्त निगरानी जारी रहेगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
