कबीरधाम पुलिस की बड़ी बैठक: अवैध शराब–नशा पर सख्ती, SP धर्मेंद्र सिंह ने दिए कड़े निर्देश
कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने की, जिसमें जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी, सुरक्षा निरीक्षक, साइबर सेल प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी, शाखा प्रमुखों सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिले की मौजूदा चुनौतियों, अपराध की स्थिति और आगामी महीने की प्राथमिकताओं पर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि अवैध शराब, ड्रग तस्करी, अवैध टेस्टिंग सेंटर और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन नहीं कर पाएंगे, उन्हें परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। जिले में किसी भी अवैध धंधे या असामाजिक तत्व को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने और जनता की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विश्वसनीय कानून व्यवस्था तभी संभव है जब हर अधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित गश्त, निगरानी और तत्पर कार्रवाई को आदत बना ले।

बैठक का मुख्य फोकस लंबित अपराधों और चालानों की समीक्षा, पिछले तीन वर्षों के अपराध आँकड़ों की तुलनात्मक रिपोर्ट, पुलिस बल की दक्षता और अनुशासन बढ़ाने के उपाय तथा आने वाले महीने की रणनीतिक योजना पर रहा। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराधों पर रोकथाम, नशा-मुक्ति अभियान, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और विशेष ड्यूटी के दौरान सुरक्षा प्रबंधन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, श्री पंकज पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक, उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी, श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, श्री आशिष शुक्ला तथा सभी थाना, चौकी और शाखा प्रभारियों ने सहभागिता की। बैठक का समापन आगामी महीने की कार्ययोजना और लक्ष्य निर्धारण के साथ हुआ।
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाएँ, कवरेज सिस्टम सक्रिय रखें, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दें और जनता के बीच विश्वास व सुरक्षा का माहौल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में शांति, भरोसा और सुरक्षा की भावना बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
