कांकेर पुलिस ने चोरी का बड़ा मामला सुलझाया: दंपति गिरफ्तार, लाखों के सोने-चांदी के गहने बरामद
उत्तरी बस्तर कांकेर जिले के चरामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए सोना–चांदी की चोरी के मामले का खुलासा कर लिया। पुलिस ने दो अंतरजिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों के आभूषण जब्त किए हैं। मामले की जांच पुलिस अधीक्षक श्री आई.के. एलेसेला के निर्देशन में की गई।

शिकायतकर्ता नरेंद्र कुमार महेश्वरी ने पुलिस को बताया था कि वे अपनी पत्नी के साथ कंपनी ट्रिप पर बाहर गए थे। घर लौटने पर उन्होंने अलमारी खोली तो लगभग 14 तोला सोना और करीब 70 ग्राम चांदी के गहने गायब मिले। जांच में सामने आया कि उनकी रिश्तेदार लीना भूतरा यात्रा के दौरान उनके घर दो दिनों के लिए रुकी थी, और इसी दौरान उसने चोरी को अंजाम दिया।
जांच टीम ने शक के आधार पर लीना भूतरा और उसके पति मनोज भूतरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने गांव बिरैटरा स्थित घर में छुपाकर रखे गए गहनों को बरामद किया।

जप्त आभूषणों का विवरण
लीना भूतरा से:
- 01 नग लेडीज़ गोल्ड ब्रेसलेट
- 01 नग सोने की चैन
मनोज भूतरा से:
- 01 नग जेंट्स गोल्ड ब्रेसलेट
- सोने का नेक बिस्किट (वजन 107.770 mg) — कीमत लगभग ₹10,32,990/-
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक मोहसिन खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा और थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
