भिलाई में SSP विजय अग्रवाल की बैठक—एटीएम और चेस्ट व्हीकल्स की सुरक्षा पर सख्त निर्देश
जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल द्वारा चेस्ट व्हीकल्स और एटीएम एजेंसियों के कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में आयोजित की गई। इस बैठक में बैंक एटीएम से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और चोरी, लूट तथा डकैती जैसे अपराधों को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी एटीएम में नकदी भरने वाले एजेंसी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एटीएम सुरक्षा में तैनात गार्ड और चेस्ट व्हीकल्स में मौजूद सुरक्षा कर्मियों की आर्म्स चेकिंग और लाइसेंस रिन्यूअल समय पर होना जरूरी है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रूप से संचालित हो सके।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि एटीएम सुरक्षा में लगे सभी कर्मचारी नजदीकी थाना और कंट्रोल रूम से नियमित संपर्क बनाए रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो। साथ ही, सभी एजेंसियों को सुरक्षा मानकों और नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कैश ट्रांज़िट वाहनों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए और रूट प्लानिंग को गोपनीय रखा जाए। एटीएम केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और मेंटेनेंस भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे कोई भी संदिग्ध गतिविधि तुरंत पकड़ी जा सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री सुखनंदन राठौर तथा कैश ट्रांज़िट कंपनियों CMS, EPS, HITACHI और Check Mat के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा से जुड़े ऐसे समन्वय कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
