कांकेर बाइपास रोड पर हुड़दंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कांकेर पुलिस ने बाइपास रोड पर राहगीरों और वाहन चालकों को रोककर गाली-गलौज करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्र में लगातार उत्पात मचा रहे इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

घटना 27 नवंबर की है, जब कुछ युवक कांकेर बाइपास रोड पर गुजर रहे वाहनों को रोककर न सिर्फ झगड़ा कर रहे थे, बल्कि चालकों के साथ अभद्रता भी कर रहे थे। सूचना मिलते ही ट्रैफिक स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में आरोपियों की पहचान रवींद्र ठाकुर और कमल कोर्राम के रूप में हुई।
पुलिस टीम दोनों की लगातार तलाश में जुटी रही। इसी दौरान 2 दिसंबर को दोनों युवक फिर से पुलिस स्टेशन के पास ट्रैफिक पुलिस को देखकर गाली-गलौज करते पाए गए, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया और हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
1. रवींद्र ठाकुर, पिता स्व. भगिरथी ठाकुर, उम्र 33 वर्ष, निवासी टिकरापारा, कांकेर
2. कमल कोर्राम, पिता विरेंद्र कोर्राम, उम्र 37 वर्ष, निवासी मानकेशरी, कांकेर
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई (Preventive Action) के तहत इस्तग़ाशा तैयार कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
