गरियाबंद पुलिस ने उद्यापन मामले में दो आरोपी MBBS छात्रों को किया गिरफ्तार, बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
गरियाबंद जिले की छुरा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए उद्यापन के गंभीर प्रकरण में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी न केवल प्रार्थी से झूठे वारंट के माध्यम से अवैध वसूली करने में शामिल थे, बल्कि यह भी सामने आया है कि दोनों पहले पीएमटी परीक्षा फर्जीवाड़ा (मुन्नाभाई प्रकरण) में दो बार जेल जा चुके हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों आरोपी अभी भी मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में MBBS के छात्र हैं और उन पर प्रदेश व अन्य राज्यों में भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।

मामला तब सामने आया जब छुरा क्षेत्र के निवासी खेमचंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें अगस्त 2025 में डाक से एक नॉन-बेलेबल वारंट मिला था। बाद में आरोपी निखिल राज ने उनसे संपर्क कर ₹2 लाख की मांग की और जेल भेजने की धमकी दी। डर के कारण प्रार्थी ने आरोपी को ₹1 लाख नकद और वह फर्जी वारंट दे दिया। इसके बाद आरोपी निखिल और उसका साथी चन्द्रशेखर उर्फ चंदन सेन लगातार धमकी देकर और धन ऐंठने लगे, जिस पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू की।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और पहले आरोपी चन्द्रशेखर को छुरा क्षेत्र से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस को जानकारी मिली कि निखिल राज हमसफर ट्रेन से झांसी भाग रहा है। तुरंत बिलासपुर व पेंड्रा रोड RPF की मदद से उसे ट्रेन से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे साल 2009 से भोले-भाले लोगों को धोखे से पैसे ऐंठ रहे थे और इसी उद्देश्य से फर्जी वारंट तैयार कर प्रार्थी को भेजा था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छुरा पुलिस ने धारा 111, 318(4), 338, 336(3), 340(1)(2) बीएनएस सहित कई धाराएँ जोड़कर मामला मजबूत किया है। साथ ही यह भी उजागर हुआ कि दोनों आरोपियों पर पीएमटी फर्जीवाड़ा सहित प्रदेश के कई जिलों—महासमुंद, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर—तथा हरियाणा के गुरुग्राम में धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध वसूली के दर्जनों अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों की अवैध संपत्ति की भी जांच कर रही है।
छुरा पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल एक सक्रिय ठग गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, बल्कि यह भी स्पष्ट हो गया कि आरोपी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के नाम पर वर्षों से विभिन्न आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
