बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पलटे ट्रक से 83 किलो अवैध गांजा बरामद
एसएसपी बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बेमेतरा सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध नशीला पदार्थ जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि सरिया से लदा एक ट्रक सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच के दौरान पाया कि ट्रक में रखे सामान के बीच अवैध गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। जांच के बाद पुलिस ने तीन प्लास्टिक की बोरियों में भरा 83 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद किया।

बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं सीजी 04 एम 6804 नंबर का ट्रक दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गया, जिसकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक में भरा सरिया और अन्य जब्त किए गए सामान को भी सुरक्षित कब्जे में ले लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बेमेतरा पुलिस की यह कार्रवाई एक बड़ी सफलता है। जिले में ऐसे नेटवर्क पर निगरानी बढ़ा दी गई है और आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।
घटना की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
